इमरान खान को राहत: आंखों के इलाज के लिए अस्पताल शिफ्ट होंगे, परिवार से मुलाकात की भी संभावना


 पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बीच राहत मिलने की खबर है। सूत्रों के अनुसार, अदियाला जेल में बंद इमरान खान को आंखों के इलाज के लिए जल्द अस्पताल शिफ्ट किया जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक 21 से 26 फरवरी के बीच उन्हें ‘आइलिया’ इंजेक्शन की एक और डोज दी जानी है। इसके लिए उन्हें रावलपिंडी स्थित अल शिफा आई ट्रस्ट हॉस्पिटल में भर्ती किया जा सकता है। हालांकि, अस्पताल में उनके ठहरने की अवधि डॉक्टरों की सलाह के बाद तय होगी।

सरकार द्वारा उनकी विस्तृत मेडिकल जांच कराने की भी योजना बताई जा रही है। इसमें एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, हृदय संबंधी परीक्षण और संपूर्ण ब्लड टेस्ट शामिल हो सकते हैं। इन जांचों के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक और विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

सूत्रों का यह भी कहना है कि इलाज के दौरान या उसके बाद इमरान खान को अपने करीबी सहयोगियों और जेल में बंद उनकी पत्नी बुशरा बीबी से मुलाकात की अनुमति दी जा सकती है।

इमरान खान की सेहत को लेकर देश और विदेश में चिंता जताई जा रही थी। ऐसे में उनका अस्पताल शिफ्ट होना एक अहम राहत के रूप में देखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.