सीएम योगी ने बरगदवा और राप्तीनगर रैन बसेरों में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं, खुले में सोने वालों को तुरंत शिफ्ट करने के दिए निर्देश।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण ठंड के बीच गोरखपुर महानगर में स्थित बरगदवा और राप्तीनगर के अस्थायी रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां ठहरे लोगों से बातचीत कर भोजन, बिस्तर, कंबल और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने खुद जरूरतमंदों को कंबल और भोजन वितरित कर सरकार की संवेदनशीलता का संदेश दिया।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति खुले में, फुटपाथ या रेलवे पटरियों पर न सोए। जिनके पास रहने की व्यवस्था नहीं है, उन्हें सम्मानपूर्वक रैन बसेरों में पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शीतलहर से बचाव के लिए सरकार ने सभी जिलों को पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर महानगर में कुल 19 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 1000 लोगों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश के सभी जिलों और नगरों में भी इसी तर्ज पर रैन बसेरे बढ़ाए गए हैं और अलाव जलवाने, कंबल वितरण और भोजन की व्यवस्था युद्धस्तर पर की जा रही है।
सीएम योगी ने स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी अपील की कि वे इस कठिन समय में आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें। उन्होंने कहा कि गरीबों को ठंड से बचाना मानवता और धर्म दोनों का कार्य है।

No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.