राजस्थान के सीकर जिले में फतेहपुर क्षेत्र के हरसावा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने हुई ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए एनएच-52 पर यातायात बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.