कोरोना: प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने माना, पाकिस्तान के पास पर्याप्त साधन नहीं

आज की दिल्ली /इंडियन न्यूज़ ऑनलाइन

इमरान ख़ान

पाकिस्तान में कोरोना वायरस से शनिवार (11 अप्रैल) रात बारह बजे तक 86 लोगों की मौत हो 
चुकी है और 5,031 लोग इससे संक्रमित हैं. इस वायरस के शिकार 786 लोग ठीक हो चुके हैं. यहां सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य पंजाब है जहां 2,425 लोग अब तक संक्रमित हुए हैं. हालांकि मरने वालों की संख्या सबसे ज़्यादा सिंध में है. पंजाब में अब तक 19 लोग मारे गए हैं.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कोरोना से लड़ने के लिए पर्याप्त साधन नहीं होने की बात स्वीकार की है. इमरान ख़ान ने कहा कि जो मुल्क एटम बम बना सकता है क्या वो वेंटिलेटर और जाँच के लिए टेस्टिंग किट नहीं बना सकता.

कोर्ट ने मांगा तैयारियों का हिसाब

अख़बार जंग के अनुसार सरकारी टेलीवीज़न पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए पाक प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा, "हमारे लिए मास्क या किट बनाना मुश्किल नहीं, हमें हर चीज़ आयात करने की आदत पड़ी हुई है. मैं एकदम और पूर्ण लॉकडाउन का समर्थक नहीं. ग़रीबी और बेरोज़गारी में इज़ाफ़ा हुआ. हमारे देश का मसला ये है कि यहाँ एक छोटे से अमीर तबक़े की फ़िक्र की जाती है, इसीलिए हम महान देश कभी नहीं बन सके."
इमरान ख़ान ने कहा कि अगर कोरोना के मरीज़ बढ़ते गए तो पाकिस्तान की स्वास्थ्य सेवा इसका बोझ नहीं उठा सकेगी.
उन्होंने कहा, "कोरोना से जंग न तो केंद्र सरकार, न राज्य सरकार और न ही विदेशी मदद से जीती जा सकती है. पूरे राष्ट्र को मिलकर ये जंग जीतनी होगी."
इस बीच पाकिस्तान की सर्वोच्च अदालत ने कोरोना से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों का सरकार से हिसाब माँगा है.
अख़बार नवा-ए-वक़्त के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गुलज़ार अहमद ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सरकार से पूछा है कि कोरोनो से निपटने के लिए अब तक क्या क़दम उठाए गए हैं और अस्पतालों में क्या सुविधाएं दी जा रही हैं.
अख़बार के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने अटॉर्नी जनरल, केंद्रीय स्वास्थ्य और गृह सचिव, चारों प्रांतों के मुख्य सचिव को अदालत में हाज़िर होने के आदेश दिए हैं. सोमवार को चीफ़ जस्टिस की अध्यक्षता में पाँच जजों की बेंच इस पर सुनवाई करेगी.
भारत में कोरोना वायरस को मुसलमानों से जोड़ने और कथित तौर पर उनको निशाना बनाने से जुड़ी ख़बरें भी पाकिस्तानी अख़बारों में ख़ूब सुर्ख़ियां बटोर रही हैं.

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.