सिंह सभा गुरुद्वारों की कमेटीयों पर कब्जा करने की शुरूआत कर सिरसा ने अपने पैतृक व्यवसायिक सोच को प्रकट किया : जीके
नई दिल्ली, 30 दिसम्बर 2020- दिल्ली के सिंह सभा गुरुद्वारों के प्रबंध में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा की जा रही दखलअंदाजी को जागो पार्टी ने अनावश्यक बताते हुए निंदा की है। जागो पार्टी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने आज पार्टी आफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गुरुद्वारा सिंह सभा, डी ब्लॉक, टैगोर गार्डन में कमेटी अध्यक्ष मनजिन्दर सिंह सिरसा के समर्थकों द्वारा आज की गई बदमाशी को गुरुद्वारा साहिब पर कब्जा करने के तौर पर परिभाषित किया है। जीके ने कहा कि गोलकों पर कब्जा करने की बादलों की नीति ने अब सिंह सभा गुरुद्वारों पर कब्जा करने की ओर कदम बढ़ा लिये है। उक्त गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष को संगतों ने 2016 में चार वर्षो के लिए वोटो द्वारा चुना था। चुनी हुई कमेटी का कार्यकाल 26 जून 2020 तक था। पर कोविड के कारण 50 से अधिक लोगों के एकत्र होने पर सरकार ने रोक लगाई हुई है। जिसके चलते उक्त कमेटी ने एसडीएम राजौरी गार्डन को चुनाव करवाने संबंधी मंजूरी देने के लिए 6 जून 2020 को पत्र लिखा था। क्योंकि गुरुद्वारा सिंह सभा सोसायटी के चुनाव संबंधी रिकार्ड दर्ज करने और प्रोग्राम करने की मंजूरी देने की जिम्मेदारी स्थानीय एसडीएम की होती है। जिसके बाबत एसडीएम द्वारा अभी तक फैसला नहीं लिया गया है। परन्तु सिरसा ने दिल्ली कमेटी द्वारा कल एक पत्र भेजकर कमेटी सदस्य मनजीत सिंह औलख के नेतृत्व वाली पाँच सदस्यीय कमेटी को प्रबंध सौंपने का तुगलकी फरमान सुना दिया। जीके ने कहा कि दिल्ली कमेटी के प्रबंध को नुकसान पहुंचाने के बाद सिरसा ने अब सिंह सभा गुरुद्वारों की कमेटीयों पर कब्जा करने के रूझान की शुरूआत कर अपने पैतृक व्यवसाय की कब्जावादी सोच को प्रकट किया है। जीके ने सिरसा को सवाल पूछा कि सिरसा ऐसी कमेटियां उन सिंह सभा गुरुद्वारों में भी बनायेंगे, जहाँ बादल समर्थक काबिज है ? जीके ने साफ कहा कि हम सभी सिंह सभा गुरुद्वारों के चुनाव समय से करवाने के समर्थक हैं। पर अपने समर्थकों को भूल करके बाकी लोगों को डरा धमका या बदमाशी करके कब्जा करने के भी खिलाफ हैं। क्या सिरसा अपने महासचिव हरमीत सिंह कालका से कालकाजी एवं कानूनी सलाहकार जगदीप सिंह काहलो से कृष्णा पार्क गुरुद्वारे की अध्यक्षता छीनने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाने की हिम्मत करेंगे ? जीके ने कहा कि अन्याय से किसी भी सिंह सभा गुरुद्वारे पर कब्जा करने की सिरसा को किसी भी कीमत पर छूट जागो नहीं देगी, जरूरत पड़ने पर हम कानूनी विकल्प का इस्तेमाल करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। इस अवसर पर टैगोर गार्डन गुरुद्वारा साहिब के महासचिव सतिन्दर पाल सिंह जागो के प्रदेश अध्यक्ष चमन सिंह सहित कई पार्टी नेता मौजूद थे।


No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.