राजस्थान के सांसद , विधायक हरियाणा के नेताओं के साथ मिलकर करेंगे प्रचार, हरियाणा लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया ने लगाई ड्यूटी

 


NEWS/ AAJ KI DELHI/ YOGRAJ SHARMA

राजस्थान के सांसद , विधायक हरियाणा के नेताओं के साथ मिलकर करेंगे प्रचार, हरियाणा लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया ने लगाई ड्यूटी

राजस्थान से आए नेताओं का रोहतक में सतीश पूनिया, सुभाष बराला के साथ बैठक में घंटों चला मंथन

दसों सीटें बड़े मार्जिन से जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती भाजपा

नई दिल्ली।
हरियाणा में सभी दसों लोकसभा सीटों को बड़े मार्जिन से जीतने के लिए पड़ोसी राज्य राजस्थान के भाजपा सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी हरियाणा में प्रचार में हिस्सा लेंगे। हरियाणा के लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, बाबा बालक नाथ सहित राजस्थान के लगभग 15 नेता मंगलवार को रोहतक पहुंचे। यहां पार्टी कार्यालय में सतीश पूनिया, हरियाणा लोकसभा चुनाव समिति के संयोजक सुभाष बराला और हरियाणा भाजपा के संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने सभी के साथ लगभग दो घंटे लगातार मंथन किया।
पार्टी कार्यालय मंगल कमल में हुई इस बैठक में चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया और चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक सुभाष बराला ने राजस्थान से आए सभी नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी।
यहां यह सुनिश्चित किया गया कि हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को अच्छे मार्जिन से विजयी बनाने और तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए कोई भी कौर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठक में राजस्थान सरकार के कैबिनेट  मंत्री सुमित गोदारा, बाबा मस्तनाथ मठ के महंत एवं विधायक बाबा बालकनाथ, किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, सांसद सुमेधानंद सरस्वती, सांसद भागीरथ चौधरी, एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, ओबीसी मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री निर्मल कुमावत, युवा मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, पूर्व विधायक विश्वनाथ मेघवाल, पूर्व सुभाष पूनिया इत्यादि राजस्थान प्रदेश से जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि हरियाणा प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों से खुश हैं। हरियाणा के आसपास लगते राजस्थान क्षेत्र के नेता और कार्यकर्ता भी हरियाणा में राज्य के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हरियाणा की सभी लोकसभा सीटें जिताने के लिए कार्य करने के लिए उत्सुक हैं। ऐसे सांसद, विधायक और पदाधिकारी भी हरियाणा में लोकसभाओं के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने का कार्य करेंगे। सतीश पूनिया ने कहा कि सभी सीटों पर भाजपा की जीत निश्चित है, हम अधिक मार्जिन से जीतने के काम में लगे हैं।


बाक्स

प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैलियों का समय मांगा: बराला

चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक सुभाष बराला ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि चुनाव के दौरान विभिन्न विभागों की लगातार बैठकें हो रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार को हिसार में पार्टी प्रत्याशी नोमिनेशन करेंगे, उसमें उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल रहेंगे। अंबाला में बंतो कटारिया नोमिनेशन करेंगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत भी रहेंगे। तीन मई को रोहतक में अरविंद शर्मा नामांकन करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री नायब रहेंगे।
बराला ने बताया कि नोमिनेशन के बाद चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में बड़े नेताओं की रैलियां भी होंगी। बराला ने बताया कि प्रदेश की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ साथ, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर आदि नेताओं का समय मांगा है।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.