दिल्ली में मदुरई मीनाक्षी जैसा अनोखा मंदिर, दक्षिण भारतीय परंपरा में होती पूजा, 24 घंटे गूंजती हनुमान चालीसा


 नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, लेकिन एयरोसिटी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर अपनी अनोखी बनावट और दक्षिण भारतीय परंपराओं के कारण विशेष पहचान बना रहा है। यह मंदिर अपने वास्तु और धार्मिक माहौल की वजह से दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मदुरई मीनाक्षी मंदिर की याद दिलाता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को ऐसा अनुभव होता है मानो वे किसी दक्षिण भारतीय मंदिर में दर्शन करने पहुंचे हों।

मंदिर का प्रवेश द्वार और आंतरिक संरचना पूरी तरह दक्षिण भारतीय शैली में बनाई गई है। मुख्य परिसर तक पहुंचने के लिए पारंपरिक द्वार और गलियारों की व्यवस्था की गई है, जो दक्षिण भारत के मंदिरों की वास्तुकला से प्रेरित है। यही कारण है कि यहां आने वाले श्रद्धालु इस मंदिर की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण से खासा प्रभावित होते हैं।

इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां 24 घंटे हनुमान चालीसा का पाठ चलता रहता है। साथ ही भक्त यहां हनुमान जी के अलावा साईं बाबा और राधा रानी के भी दर्शन कर सकते हैं। पूजा-पाठ की विधि भी दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई जाती है, जिससे मंदिर का माहौल और भी अलग नजर आता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मंदिर धीरे-धीरे श्रद्धालुओं के बीच लोकप्रिय होता जा रहा है। खासतौर पर वे लोग जो दक्षिण भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े हैं, यहां आकर विशेष आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करते हैं।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.