नई दिल्ली. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण के दौरान शिक्षा और डिजिटल इंडस्ट्री को जोड़ने की दिशा में एक अहम घोषणा की है. उन्होंने कहा कि सरकार उभरती डिजिटल और क्रिएटिव इंडस्ट्रीज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर के स्कूलों और कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करेगी. इस पहल का मकसद युवाओं को नए दौर की स्किल्स से लैस करना है.
वित्त मंत्री ने बताया कि बदलते समय के साथ रोजगार और करियर के स्वरूप में भी बड़ा बदलाव आया है. आज कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल मीडिया, एनीमेशन, वीडियो प्रोडक्शन, गेमिंग और सोशल मीडिया जैसे क्षेत्रों में तेजी से अवसर बढ़ रहे हैं. ऐसे में शिक्षा प्रणाली को भी इन नए सेक्टर्स के अनुरूप ढालना जरूरी हो गया है.
कंटेंट क्रिएटर लैब के जरिए छात्रों को डिजिटल टूल्स, क्रिएटिव स्किल्स और आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. इन लैब्स में वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक डिजाइन, पॉडकास्टिंग, एआई आधारित कंटेंट और डिजिटल स्टोरीटेलिंग जैसे विषयों पर फोकस किया जाएगा. इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने का मौका मिलेगा.
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार की यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है. इससे न केवल डिजिटल इंडिया अभियान को गति मिलेगी, बल्कि भारत को ग्लोबल क्रिएटिव इकोनॉमी में मजबूत पहचान भी मिलेगी.
.jpg)
No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.