रोहित शेट्टी और सलमान खान के घर फायरिंग के पीछे एक ही गैंग, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नाम आया सामने


 नई दिल्ली. बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई के जुहू इलाके में स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस को चौंका दिया है. बीती रात शेट्टी टावर्स के बाहर चार राउंड फायरिंग की गई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई. घटना के बाद से सोशल मीडिया पर मौके की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं.

इस फायरिंग के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि रोहित शेट्टी के घर फायरिंग करने वाला वही गैंग है, जिसने पहले अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर भी गोलीबारी की थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है.

गौरतलब है कि बीते साल सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी. उस समय बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलाई थीं. इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर रोहित गोदारा को आरोपी बताया था और जांच में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की भूमिका सामने आई थी.

अब रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के पीछे भी उसी गिरोह का नाम सामने आने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. पुलिस का कहना है कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है.

इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी.

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.