Russia और Ukraine के बीच जारी युद्ध में अब एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। खबर है कि यूक्रेनी सैनिक आधुनिक हथियारों के साथ-साथ एक साधारण कैंची भी साथ रख रहे हैं। वजह है रूस द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे फाइबर-ऑप्टिक कंट्रोल वाले छोटे ड्रोन, जिन्हें सैनिक ‘छुटकू सैनिक’ कहकर संबोधित कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये ड्रोन आसमान से हमला करने के बजाय ज़मीन के करीब रहकर फाइबर-ऑप्टिक केबल के जरिए ऑपरेट होते हैं। चूंकि इन पर पारंपरिक जैमिंग सिस्टम का असर नहीं होता, इसलिए इन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यूक्रेनी सैनिक ड्रोन की कंट्रोल केबल तक पहुंचकर उसे कैंची से काट देते हैं, जिससे ड्रोन तुरंत निष्क्रिय हो जाता है।
युद्ध ने आधुनिक तकनीक और साधारण उपायों का अनोखा संगम दिखाया है। जहां एक ओर हाई-टेक हथियार और मिसाइल सिस्टम हैं, वहीं दूसरी ओर एक छोटी सी कैंची भी रणनीतिक हथियार बन गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह दर्शाता है कि युद्ध में केवल अत्याधुनिक तकनीक ही नहीं, बल्कि त्वरित जुगाड़ और जमीनी समझ भी अहम भूमिका निभाती है।
रूस-यूक्रेन संघर्ष लगातार नए रूप ले रहा है और दोनों पक्ष लगातार नई रणनीतियां अपना रहे हैं। इस बीच यूक्रेनी सैनिकों की यह ‘कैंची रणनीति’ चर्चा का विषय बनी हुई है।

No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.