राजधानी दिल्ली में कला और परंपरा का रंगीन उत्सव सजने जा रहा है। 20 फरवरी से 1 मार्च तक ‘कारीगर बाजार – दिल्ली एडिशन’ का आयोजन किया जाएगा, जहां देशभर से आए कारीगर अपनी पारंपरिक कला और हस्तशिल्प का प्रदर्शन करेंगे। यह विशेष मेला Jawaharlal Nehru Stadium के गेट नंबर 13 पर आयोजित होगा और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश की समृद्ध लोक परंपराओं और हस्तकला को सीधे लोगों तक पहुंचाना है। यहां आगंतुकों को विभिन्न राज्यों की पारंपरिक कलाकृतियां, हाथ से बने आभूषण, वस्त्र, गृह सज्जा सामग्री और लोक कला की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। मेले में न केवल खरीदारी का अवसर मिलेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति को करीब से जानने और समझने का भी मौका मिलेगा।
कारीगर बाजार कारीगरों को बिना बिचौलियों के अपनी कला प्रदर्शित करने और सीधे ग्राहकों से जुड़ने का मंच प्रदान करता है। इससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ पहचान भी मिलती है। आयोजन में प्रवेश शुल्क 50 रुपये रखा गया है और आगंतुकों के लिए पेड पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
दिल्लीवासियों के लिए यह मेला न केवल शॉपिंग का अवसर है, बल्कि भारतीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव भी है।

No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.