आज की दिल्ली / इंडियन न्यूज़ ऑनलाइन

सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक ने लॉकडाउन का नियम तोड़कर स्पेन के एक टेनिस क्लब में मंगलवार को अभ्यास किया और उन्होंने इसका वीडियो भी शेयर किया था। जोकोविक की इस हरकत के बाद अब स्पेन में मारबेला स्थित पुएंते रोमानो टेनिस क्लब ने मांफी मांगी है। जोकोविक ने इसी क्लब में अभ्यास किया था। कोरोनो वायरस महामारी के खतरे को देखते हुए स्पेनिश टेनिस महासंघ ने खिलाड़ियों को सरकार के सामाजिक दूरी का पालन करने को कहा था और इसके लिए खिलाड़ियों को 11 मई तक कोर्ट पर ट्रेनिंग से दूर रहने को कहा था।
पुएंते रोमानो टेनिस क्लब ने एक बयान में कहा, “हम पता है कि पेशेवर एथलीट हमारी सुविधाओं का उपयोग करने के योग्य थे और जोकोविक प्रशिक्षित करने के लिए अधिकृत थे। टेनिस महासंघ के साथ बातचीत करने के बाद उन्होंने हमें यह स्पष्ट कर दिया कि हमें 11 मई तक टेनिस क्लब का उपयोग करने के लिए इंतजार करना होगा।”
क्लब ने कहा, “इस स्पष्टीकरण को हमने जाकोविक के साथ साझा किया है दोनों पक्षों ने उस दिन से फिर से प्रशिक्षण शुरू करने पर सहमति व्यक्त की। हम माफी चाहते हैं कि नियम को ठीक से समझ नहीं पाए। इससे जोकोविक को भी असुविधा हो सकती थी।” जोकोविक ने इससे पहले अपना अभ्यास का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह कोर्ट पर अभ्यास करते हुए नजर आ रहे थे।
बता दें कि कोरोना वायरस महामारी से ब्रेक के कारण लंबे समय बाद अभ्यास पर लौटे स्पेन के खिलाड़ियों के लिए यह अनुभव खुशनुमा नहीं रहा था। उन्हें लोगों की हूटिंग और तानों का सामना करना पड़ा। दो महीने तक एकांतवास में रहने के बाद स्पेन में इस हफ्ते शीर्ष खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दोबारा शुरू करने की इजाजत दी गई, लेकिन कथित तौर पर इनमें से कुछ को स्थानीय नागरिकों के उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, जिन्होंने सोचा कि वे लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।



