नई दिल्ली, 10 मार्च। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी में टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए जागरुकता अभियान चलाने और वरिष्ठ एवं बीमार व्यक्तियों को टीकाकरण केंद्र तक लाने का फैसला लिया है। प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, विधायकों, जिला प्रभारी एवं सभी निगम पार्षदों सहित मंडल अध्यक्षों को लिखे एक पत्र द्वारा इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से टीकाकरण केद्रों पर स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने और पार्टी की आईटी टीम को भी टीकाकरण अभियान से जोड़ने को कहा है।
श्री आदेश गुप्ता ने सभी विधायकों और जन प्रतिनिधियों को मानव सेवा के इस अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेने, टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रचार करने और घर-घर जाकर लोगों की सहायता करने की अपील की है। श्री गुप्ता ने कहा कि यह अभियान सांसद डॉक्टर अनिल जैन की देखरेख में चलाया जाएगा और प्रदेश महामंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा सभी जिलों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.