google.com, pub-7314354026449841, DIRECT, f08c47fec0942fa0 Aaj Ki Delhi: " शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी ने दिल्ली में किया फिल्म ‘कबीर सिंह’ का प्रमोशन "

" शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी ने दिल्ली में किया फिल्म ‘कबीर सिंह’ का प्रमोशन "

आज की दि्ल्ली- योगराज शर्मा ।
एक्टर शाहिद कपूर और एक्ट्रेस कियारा आडवाणी अपनी आनेवाली ड्रामा फिल्म ‘कबीर सिंह’ का प्रमोशन करने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे। यहां के पंचतारा होटल ली मेरिडियन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाहिद और कियारा के साथ फिल्म के निर्देशक संदीप वांगा भी उपस्थित थे। बता दें कि ‘कबीर सिंह’ साल 2017 में आई सुपरहिट तेलुगु फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ की हिंदी रीमेक है। इसे सिने 1 स्टूडियोज और टी-सीरीज ने संयुक्त रूप से बनाया है, जिसमें शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी लीड रोल्स में हैं। यह फिल्म 21 जून को रिलीज होगी। मीडिया से बात करते हुए शाहिद ने कहा, ‘मैं आमतौर पर रीमेक नहीं करता, लेकिन इस फिल्म को करने का मेरा कारण यह था कि जब मैंने इस फिल्म को देखा, तो मुझे वास्तव में फिल्म के किरदारों और दृश्यों से जुड़ाव महसूस हुआ। मैं इसे देखने के घंटों बाद फिल्म के बारे में सोच रहा था। इसलिए मैंने सोचा कि अगर तेलुगु दर्शकों को यह फिल्म इतनी पसंद आई, तो पूरे देश के दर्शकों के सामने इस फिल्म को पेश करने का यह मेरे लिए एक सुनहरा अवसर है।’ कियारा ने ‘कबीर सिंह’ की कहानी के बारे में बताया, ‘‘कबीर सिंह’ कबीर और प्रीति की प्रेम कहानी है और इसमें कबीर जो कुछ भी कर रहे हैं, वह उन्हें बुरा नहीं बनाता है। हम सभी ने अपने प्रेमपूर्ण जीवन में कठिन हालातों का सामना किया है, इसलिए ‘कबीर सिंह’ भी एक ऐसी कहानी है। मुझे उम्मीद है कि आप सभी इसे पसंद करेंगे।’

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.